
सूरत,। सारोली क्षेत्र राधाकृष्णा लोजेस्टिक पार्क मार्केट के कपड़ा व्यापारी से 7,98,615 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सारोली पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों ने दलाल के माध्यम से संपर्क कर पहले व्यापार शुरू किया, समय पर भुगतान कर भरोसा जीता और बाद में बड़े पैमाने पर कपड़े का माल लेकर भुगतान किए बिना फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार अक्षय गौतम जैन, जो “मा वांकल टेक्स फेब” के नाम से आर.के.एल.पी मार्केट, सारोली में कपड़े का व्यापार करते हैं, उनसे आरोपी भरतभाई दुलहाणी (दलाल) निवासी वीआईपी मार्केट रायपुर अहमदाबाद, जगदीश खुशीराम नंदवाणी प्रोपराइटर धानी क्रिएशन तथा खुशी बुल्जनदानी प्रोपराइटर खुशी क्रिएशन ने मिलकर व्यापारी से व्यापार शुरू किया।
जांच में सामने आया कि 15 जुलाई 2024 से 20 नवंबर 2024 के बीच जगदीश नंदवाणी ने 6,99,581 रुपये का कपड़ा खरीदा, जिसमें से केवल 60,000 रुपये का भुगतान किया और 6,39,581 रुपये बकाया रखे। वहीं खुशी बुल्जनदानी ने 17 अगस्त 2024 से 26 नवंबर 2024 के बीच 1,59,034 रुपये का माल खरीदा और भुगतान नहीं किया। इस तरह आरोपियों ने कुल 7,98,615 रुपये की ठगी कर दुकान बंद कर फरार हो गए।
मामले में सारोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(5) और 54 के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद सर्विलांस और ह्यूमन सोर्स की मदद से पुलिस को आरोपियों के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने अहमदाबाद पहुंचकर जगदीश खुशीराम नंदवाणी (39 वर्ष) निवासी ए/31 श्री महालक्ष्मी लाइफ, इस्कॉन विला के सामने, इंदिरा ब्रिज, हांसोल अहमदाबाद तथा भरत धनराज दुलहाणी (38 वर्ष) निवासी फ्लैट नंबर 504, कैलाशराज हाइट्स, आईटीआई रोड, नरोडा अहमदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं मामले में तीसरा आरोपी खुशी बुल्जनदानी, प्रोपराइटर खुशी क्रिएशन, दुकान नंबर 658 हरिओम एसी मार्केट अहमदाबाद अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी दलाल के माध्यम से व्यापारियों से संपर्क कर पहले भरोसा जीतते थे और बाद में बड़े स्तर पर माल खरीदकर भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे। सारोली पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



