businessगुजरात

सूरत में अगले पांच वर्षों तक आयोजित होगा केमिकल एंड फार्मा एक्सपो

चेंबर ऑफ कॉमर्स और केमेक्सिल के बीच ऐतिहासिक एमओयू साइन, उद्योग को मिलेगी नई दिशा

सूरत। द सदर्न गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत केमिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (Chemexcil) के बीच पांच वर्षों के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता मुंबई स्थित केमेक्सिल मुख्यालय में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि यह एमओयू चेंबर के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इस साझेदारी के तहत चेंबर ऑफ कॉमर्स और केमेक्सिल संयुक्त रूप से अगले पांच वर्षों तक हर वर्ष सूरत में केमिकल एंड फार्मा एक्सपो का आयोजन करेंगे। इससे सूरत के केमिकल और फार्मा उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
इसके अलावा, दोनों संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से सेमिनार, वर्कशॉप और मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सूरत के केमिकल उद्योग से जुड़े उद्यमियों को निर्यात बढ़ाने, नीतियों की जानकारी तथा वैश्विक बाजार से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी।
पांच वर्षों के दौरान केमिकल क्षेत्र से संबंधित विभिन्न नीति मुद्दों और वैश्विक अवसरों पर नियमित बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निखिल मद्रासी, मानद मंत्री बिजल जरीवाला, मानद कोषाध्यक्ष सीए मितीष मोदी, सेक्रेटरी पौलिक देसाई, सेक्रेटरी ई. जे. थॉमस तथा केमेक्सिल के चेयरमैन सतीश वाघ, वाइस चेयरमैन अंकित पटेल, डायरेक्टर जनरल रघुवीर किनी और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विशाल गंजू उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button