कैट-श्रीराम फाइनेंस ने व्यापारियों के लिए फिनटेक पोर्टल लॉन्च किया

नई दिल्ली। देशभर के व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों को आसान ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के साथ मिलकर एक विशेष फिनटेक पोर्टल लॉन्च किया है। यह पोर्टल व्यापारियों को डिजिटल माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सहायता भी प्रदान करेगा।
इस पोर्टल का शुभारंभ सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल तथा श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी जी.एम. जिलानी ने नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
कैट के सदस्यों और व्यापारियों के लिए तैयार किया गया यह पोर्टल कैट के डिजिटल नेटवर्क को श्रीराम फाइनेंस के मजबूत ऋण वितरण तंत्र से जोड़ता है, जिससे व्यापारियों को विभिन्न वित्तीय उत्पादों तक आसान पहुंच मिल सकेगी। इससे खुदरा व्यापार क्षेत्र में वित्तीय समावेशन और औपचारिक ऋण की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
फिनटेक प्लेटफॉर्म के माध्यम से एमएसएमई ऋण (सुरक्षित एवं असुरक्षित), व्यक्तिगत ऋण, स्वर्ण ऋण, दोपहिया वाहन ऋण और वाणिज्यिक वाहन वित्तपोषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। व्यापारी डिजिटल माध्यम से आवेदन कर सकेंगे, जबकि अंतिम प्रक्रिया श्रीराम फाइनेंस के शाखा नेटवर्क के माध्यम से पिनकोड आधारित सेवा के जरिए पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि भारत के व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन समय पर और किफायती ऋण मिलना बड़ी चुनौती रहा है। यह फिनटेक पोर्टल व्यापारियों के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे व्यापारियों को सरल और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध होगा।
वहीं जी.एम. जिलानी ने कहा कि यह साझेदारी छोटे व्यापारियों तक ऋण पहुंच बढ़ाने की दिशा में अहम पहल है। उन्होंने बताया कि फिजिटल मॉडल के माध्यम से डिजिटल सुविधा और शाखा नेटवर्क की व्यक्तिगत सहायता दोनों उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे व्यापारियों को ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी।
यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब छोटे व्यापारी और एमएसएमई औपचारिक ऋण तक पहुंच में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कैट और श्रीराम फाइनेंस की साझेदारी से व्यापारियों को वित्तीय सहायता मिलने के साथ भारत की खुदरा अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।



