
सूरत। शहर के कोसाड स्थित राधेकृष्णा क्रिएशन के संचालक पर युको बैंक से 98 लाख रुपये का मशीनरी लोन लेकर बैंक को 34.18 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी ने लोन लेने के बाद केवल चार मासिक किस्तें जमा कीं और फिर बैंक की अनुमति के बिना गिरवी रखी मशीनरी बेचकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घोड़दौड़ रोड स्थित युको बैंक शाखा के मुख्य प्रबंधक अरुण सुरेंद्र शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पासोदरा पाटिया निवासी जयेश वल्लभभाई पटेल ने कोसाड स्थित अपनी फर्म राधेकृष्णा क्रिएशन के लिए नई मशीनरी खरीदने के उद्देश्य से 98 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके साथ ही उसने बैंक में 40.23 लाख रुपये की एफडी भी कराई थी।
बैंक रिकॉर्ड के अनुसार जयेश पटेल ने लगभग 2.10 लाख रुपये की चार मासिक किश्तें जमा कीं। इसके बाद उसने बैंक को बिना सूचना दिए लोन के बदले गिरवी रखी मशीनरी बेच दी और अपना घर छोड़कर फरार हो गया। बैंक अधिकारियों ने जब उसके घर पहुंचकर पूछताछ की तो उसकी पत्नी ने बताया कि उनका तलाक हो चुका है और उसे जयेश के वर्तमान ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है।
बैंक की शिकायत के आधार पर उमरा पुलिस ने जयेश पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई ए.बी. काले कर रहे हैं।




