सूरत में ‘दी स्वदेशी सॉल’ आयोजन से बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड, नारी शक्ति को समर्पित होगा कार्यक्रम

सूरत। सनातन धर्म एवं स्वदेशी विचारधारा को समर्पित ‘दी स्वदेशी सॉल’ के तहत 29 मार्च, रविवार को प्लेटिनम हॉल, सरसाना में एक भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम बैटर टुमारो फाउंडेशन एवं अग्रवाल संगठन महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बैटर टुमारो फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश भारूका ने बताया कि वीर कवि नर्मद की नगरी सूरत में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसमें सनातन संस्कृति और स्वदेशी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विशेष रूप से नारी शक्ति को समर्पित होगा, जिसमें 3 वर्ष से लेकर 90-100 वर्ष तक की महिलाएं भाग ले सकेंगी। कार्यक्रम में सभी प्रस्तुतियां सनातन धर्म आधारित नृत्य एवं संगीत पर केंद्रित रहेंगी।
‘दी स्वदेशी सॉल’ की फाउंडर एवं मिस यूनिवर्स एशिया मोना शाह ने जानकारी दी कि इस आयोजन के माध्यम से सूरत में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें भाग लेने के लिए इच्छुक महिलाओं को पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा।
महिला संगठन की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि प्रतिभागियों को वेसु स्थित अग्रम स्कूल, मेहंदीपुर बालाजी मंदिर एवं पीपलोद क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजन में कविता अग्रवाल, शैलजा शंघई, दीपिका अग्रवाल, मुस्कान शाह सहित अन्य सदस्य सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।



