
सूरत। अलथाण निवासी एक वृद्ध व्यापारी का मोबाइल गुम होने के बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में सलाबतपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पुलिस के अनुसार, अलथाण स्थित धीरज संस के पीछे ग्रीन विक्टरी में रहने वाले 72 वर्षीय मनोजकुमार मेवालाल मनधियानी रिंग रोड स्थित राधाकृष्ण टेक्सटाइल मार्केट में “एस.एन. टेक्सो फेब” नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं। 17 दिसंबर 2025 की शाम वह सहारा दरवाजा से उधना की ओर जाते समय रास्ते में सब्जी खरीदने रुके थे सब्जी का भुगतान उन्होंने पेटीएम के माध्यम से किया, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। मोबाइल नंबर बैंक खाते से जुड़ा होने का फायदा उठाकर अज्ञात ठग ने उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से जाहिद हुसैन नाम के खाते में 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
घटना की जानकारी मिलने पर मनोजकुमार ने सलाबतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर आर.जे. चौहान कर रहे हैं।




