
सूरत।दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के सहयोग से चैंबर सदस्य एवं डी. खुशालभाई ज्वेलर्स के चेयरमैन श्री दीपक चोकसी ने 15 फरवरी से 20 फरवरी 2026 के दौरान अफगानिस्तान की महत्वपूर्ण व्यापारिक यात्रा की। इस दौरे के दौरान उन्होंने अफगानिस्तान की विभिन्न सरकारी एवं व्यापारिक संस्थाओं के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कर द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
अफगानिस्तान सरकार ने भारतीय व्यापारियों को विशेष सहयोग देने का आश्वासन देते हुए रजिस्ट्रेशन, लाइसेंसिंग तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को तेज गति से पूर्ण करने के लिए सकारात्मक रुख अपनाया।
दौरे के दौरान काबुल शहर के मेयर, मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मंत्री नूरुद्दीन अजीजी तथा एक्जीबिशन प्रबंधन से जुड़े प्रिंसिपल सचिवालय के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में भविष्य में अफगानिस्तान में जेम्स एंड ज्वेलरी क्षेत्र की विशेष अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी आयोजित करने तथा श्री दीपक चोकसी के नेतृत्व में भारतीय उद्योग जगत की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार किया गया।
श्री चोकसी ने अफगानिस्तान में गोल्ड माइंस का दौरा कर खनन उद्योग की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा ‘बिजनेस सेंटर ऑफ कलर स्टोन’ की यात्रा कर कलर स्टोन ट्रेड सेक्टर में उपलब्ध व्यापारिक संभावनाओं का मूल्यांकन भी किया।
दौरे को सफल बताते हुए श्री दीपक चोकसी ने इस अवसर के लिए दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का विशेष आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भारत और अफगानिस्तान के बीच व्यापारिक संबंधों के और अधिक विस्तार की उम्मीद जताई।



