businessTextileक्राइमलोकल न्यूज़सूरत सिटी

उधारी में साड़ियां लेकर तीन व्यापारी फरार

सचिन पुलिस में 13.78 लाख की धोखाधड़ी दर्ज

सूरत। सचिन क्षेत्र के एक कपड़ा व्यापारी से उधारी में साड़ियां खरीदकर भुगतान किए बिना फरार होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सचिन पुलिस ने तीन व्यापारियों के विरुद्ध आपराधिक विश्वासघात एवं धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सचिन होजीवाला इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित ‘जानकी टेक्स’ नाम से जकार्ड साड़ी निर्माण एवं व्यापार करने वाले हरेशभाई सवजीभाई रादडी (उम्र 41, निवासी आरजेडी रेसिडेंसी, सचिन) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे पिछले 12 वर्षों से साड़ी निर्माण व्यवसाय कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। 1 फरवरी 2024 को कपड़ा दलाल इंदरसिंह गुमानसिंह राव ने उन्हें फोन कर ऑर्गेंजा गाला एवं सीक्वेंस साड़ियों की खरीदारी की बात कही और बाद में व्यापारी कालूसिंह के साथ उनके कारखाने पर पहुंचा। दोनों ने व्यापारिक परंपरा के अनुसार 45 दिनों में भुगतान करने का भरोसा दिलाया, जिस पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने उधारी में माल देने की सहमति दी।
इसके बाद 10 फरवरी से 28 फरवरी 2024 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से 3600 ऑर्गेंजा गाला क्वालिटी साड़ियों का कुल 9,84,594 रुपये का माल वीटीएम (वणकर टेक्सटाइल मार्केट), रिंग रोड स्थित आर.के. फैशन के पते पर भेजा गया। इसी दौरान दलाल इंदरसिंह एक अन्य व्यापारी प्रकाश जोशी को भी लेकर आया, जिसने स्वयं को न्यू टीटी मार्केट स्थित आधुनिक कॉर्पोरेशन फर्म का संचालक बताते हुए 45 दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया। शिकायतकर्ता ने भरोसा कर 17 फरवरी से 9 मार्च 2024 के बीच 1560 साड़ियों का 3,93,761 रुपये मूल्य का माल उसके पते पर भिजवाया।
निर्धारित समय सीमा पूरी होने पर भुगतान मांगने पर दोनों व्यापारियों ने लगातार टालमटोल की। बाद में शिकायतकर्ता जब वीटीएम मार्केट स्थित कालूसिंह की दुकान पर पहुंचा तो दुकान बंद मिली और वह फरार हो चुका था। इसी प्रकार न्यू टीटी मार्केट स्थित प्रकाश जोशी की दुकान भी बंद पाई गई। दलाल इंदरसिंह से संपर्क करने पर उसने कुछ समय तक भुगतान करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मोबाइल फोन बंद कर संपर्क से बाहर हो गया।
शिकायत के अनुसार तीनों आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर 45 दिन में भुगतान का भरोसा देकर कुल 13,78,350 रुपये मूल्य की साड़ियां उधार में खरीदी और बाद में दुकानें बंद कर फरार होकर व्यापारी के साथ आपराधिक विश्वासघात किया।
सचिन पुलिस स्टेशन में पुलिस सब इंस्पेक्टर आर.ए. परमार की जांच में आरोपियों कालूसिंह, प्रकाश जोशी तथा कपड़ा दलाल इंदरसिंह गुमानसिंह राव के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button