businessगुजरातसूरत सिटी

सूरत डायमंड बुर्स की गाड़ी पटरी पर: 250 कार्यालयों में नियमित काम शुरू

गच्छाधिपति अभयदेवसूरिश्वरजी महाराज साहेब ने SDB व्यापारियों को दिया आशीर्वाद

सूरत। विश्व के सबसे बड़े कार्यालय परिसर के रूप में स्थापित सूरत डायमंड बुर्स (SDB) अब पूरी तरह व्यापारिक गतिविधियों की ओर तेजी से अग्रसर होता नजर आ रहा है। बुधवार सुबह शुभ मंगल मुहूर्त में पूज्य गच्छाधिपति श्री अभयदेवसूरिश्वरजी महाराज साहेब के पावन आगमन से SDB परिसर आध्यात्मिक माहौल से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर गुरुदेव ने SDB में कार्यालय शुरू कर चुके तथा निकट भविष्य में व्यापार प्रारंभ करने वाले सभी हीरा व्यापारियों को व्यवसायिक उन्नति, सफलता एवं समृद्धि के लिए शुभ आशीर्वाद प्रदान किए।
जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को लगभग 100 नए व्यापारियों ने अपने कार्यालयों से कारोबार की शुरुआत की। इसके साथ ही SDB में कार्यरत कार्यालयों की कुल संख्या बढ़कर करीब 250 हो गई है, जिसमें पहले से संचालित 150 कार्यालय भी शामिल हैं। बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों से हीरा कारोबार में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
SDB के वाइस चेयरमैन लालजीभाई पटेल ने बताया कि सूरत डायमंड ब्रोकर्स एसोसिएशन (SDBA) द्वारा ब्रोकर्स की सुविधा हेतु विशेष व्हाटसअप हेल्पलाइन ग्रुप शुरू किया गया है। इस ग्रुप के माध्यम से आने-जाने या अन्य किसी भी समस्या के समाधान के लिए ब्रोकर्स तुरंत संदेश भेजकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि एक ही दिन में लगभग 950 से अधिक ब्रोकर्स इस ग्रुप से जुड़ गए, जो उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
वर्तमान में प्रतिदिन 600 से अधिक ब्रोकर्स SDB पहुंचकर व्यापारिक गतिविधियों को गति दे रहे हैं और हीरा कारोबार के सौदों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहे हैं।
इसी क्रम में आज SDB के चेयरमैन गोविंदभाई धोलकिया के साथ प्रसिद्ध पॉडकास्टर जय थाडेश्वर ने भी सूरत डायमंड बुर्स का दौरा किया और परिसर की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
सूरत डायमंड बुर्स में लगातार बढ़ती सक्रियता से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि आने वाले समय में सूरत वैश्विक हीरा व्यापार का और अधिक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button