businessTextileसूरत सिटी

राजस्थान युवा संघ व लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से की शिष्टाचार भेंट

स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना एवं राजस्थान के प्रवासियों को 'माँ कार्ड' योजना का लाभ दिलाने पर हुई चर्चा

सूरत। राजस्थान युवा संघ एवं लघु उद्योग भारती, सूरत के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर तेजस परमार से शिष्टाचार भेंट कर समाज एवं उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं के कौशल विकास तथा राजस्थान के प्रवासी नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया।

बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती की ओर से सूरत में स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का अनुरोध किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे स्थानीय उद्योगों को भी प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा।

वहीं राजस्थान युवा संघ की ओर से जिला कलेक्टर से आग्रह किया गया कि राजस्थान सरकार की ‘माँ कार्ड’ (MAA Card) स्वास्थ्य योजना का लाभ सूरत में उपचार कराने वाले राजस्थान के प्रवासी नागरिकों को भी सहज रूप से मिल सके। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करने एवं प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया गया।

जिला कलेक्टर तेजस परमार ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा उचित स्तर पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

अंत में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर का समय देने एवं समाज तथा उद्योग हित से जुड़े विषयों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से सूरत के उद्योगों, युवाओं तथा राजस्थान के प्रवासी परिवारों को भविष्य में व्यापक लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button