
सूरत। सूरत के कपड़ा बाजार में इन दिनों चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक ओर फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के चुनाव को लेकर माहौल गर्म है, वहीं दूसरी ओर सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयरहाउसेस सोसायटी लिमिटेड (एसटीएम) के वर्ष 2026-2031 कार्यकाल के लिए चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
एसटीएम की चुनाव समिति की बैठक सोमवार को मार्केट कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें आगामी चुनाव की रूपरेखा तय की गई। चुनाव समिति ने बताया कि 20 निर्वाचित सदस्यों के लिए मतदान 18 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक एसटीएम बोर्ड रूम में कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए अशोक जैन, गुरूमुख कुंगवानी और महेन्द्र पाल खुराना को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक जैन ने बताया कि एसटीएम बोर्ड में कुल 21 सदस्य होते हैं, जिनमें एक सदस्य मनपा द्वारा मनोनीत किया जाता है, जबकि दो सीटें महिलाओं तथा एक सीट अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित रहती है।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार नामांकन पत्रों का वितरण 29 एवं 30 जून को किया जाएगा। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी प्रकार का नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चुनाव समिति के अनुसार वर्तमान में मार्केट में लगभग 1275 मतदाता हैं। हालांकि “नो ड्यूज” (बकाया रहित) नियम के कारण मतदाताओं की संख्या में परिवर्तन संभव है। अंतिम मतदाता सूची 17 जून को प्रकाशित की जाएगी। इसी दिन से चुनाव आचार संहिता भी प्रभावी हो जाएगी।
एसटीएम चुनाव की घोषणा के साथ ही कपड़ा बाजार में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं और विभिन्न संभावित पैनलों तथा उम्मीदवारों के बीच सक्रियता बढ़ गई है।


