अडाजन चार रास्ता के पास ईवी शोरूम में भीषण आग, 15 से अधिक वाहन जलकर खाक
आग की चपेट में आई दवा दुकान और रेस्टोरेंट, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

सूरत, 18 जून। शहर के पॉश क्षेत्र अडाजन में बुधवार सुबह एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अडाजन चार रास्ता स्थित बीएपीएस अस्पताल के निकट बने टीवीएस ईवी शोरूम से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित एपोलो फार्मेसी तथा एक रेस्टोरेंट को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भयावह थी कि शोरूम में खड़े 15 से अधिक वाहन जलकर खाक हो गए। आग की तेज गर्मी के कारण टीन शेड वाली दुकानों का लोहे का ढांचा भी पिघलकर झुक गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के दौरान उठती ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे।

सूचना मिलते ही फायर विभाग की पांच विभिन्न फायर स्टेशनों से 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने चारों ओर से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया।
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एस.डी. धोबी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पालनपुर, जहांगीरपुरा, मोराबागल और मुगलिसरा फायर स्टेशनों की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया था। अधिकारियों के पहुंचने से पहले आग आसपास की दुकानों तक फैल चुकी थी।
सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कूलिंग की कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शोरूम, फार्मेसी और रेस्टोरेंट में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।




