दलाल के जरिए कपड़ा मंगाकर 13.83 लाख की ठगी करने वाला आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार

सूरत। शहर के सारोली क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी के साथ व्यावसायिक विश्वासघात और ठगी करने के मामले में सारोली पुलिस ने मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दलाल के माध्यम से पहचान कर बड़े पैमाने पर कपड़े का माल मंगाया और भुगतान किए बिना फरार हो गया था।
मामले में कपड़ा व्यापारी राकेश भंवरलाल कुमार, प्रोपराइटर “मीनाक्षी सिंथेटिक्स”, दुकान नं. बी-4134-4135, तीसरी मंजिल, आरकेएलपी मार्केट, सारोली, सूरत में कपड़े का व्यापार करते हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दलाल गौरव ओझा तथा व्यापारी जयकुमार गणेशप्रसाद मेहरा और निल जयकुमार मेहरा, जो “देवकीनंदन क्रिएशन” से जुड़े हैं, ने आपसी मिलीभगत से शिकायतकर्ता से मधुर व भरोसेमंद व्यवहार कर व्यापारिक संबंध स्थापित किए। आरोपियों ने 7 फरवरी 2018 से 12 अप्रैल 2019 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 22,32,894 रुपये मूल्य का गारमेंट कपड़ा मंगाया, जिसमें से केवल 8,49,000 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष 13,83,894 रुपये आज तक नहीं चुकाए।
व्यापारी के साथ विश्वासघात एवं धोखाधड़ी किए जाने पर सारोली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 409 एवं 114 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-01 तथा संबंधित डीसीपी अधिकारियों के मार्गदर्शन में शहर के टेक्सटाइल व्यापारियों के साथ हो रही आर्थिक ठगी की घटनाओं पर विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में सारोली पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक एस.आर. वेकरिया के निर्देशन में पीएसआई एस.बी. नकुम एवं पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और ह्यूमन सोर्स की मदद से आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश में होने की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद एएसआई राधेश्याम किशनभाई,अहेको. सजणाभाई वर्धाभाई तथा अहेको. निरवभाई रायमलभाई की टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई और जबलपुर के बलदेवबाग क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी से आरोपी जयकुमार गणेशकुमार मेहरा (उम्र 51 वर्ष) को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दलाल के माध्यम से कपड़ा व्यापारियों से संपर्क कर पहले आंशिक भुगतान कर विश्वास जीतता था और बाद में बड़ी मात्रा में माल लेकर उसे सस्ते दामों में नकद बेचकर भुगतान किए बिना फरार हो जाता था।
सारोली पुलिस की इस कार्रवाई को टेक्सटाइल व्यापारियों के लिए राहतकारी माना जा रहा है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



