businessTextileक्राइमलोकल न्यूज़सूरत सिटी

वजन घटाने के चक्कर में व्यापारी की पत्नी से 1.77 करोड़ की ठगी

दवा बंद करते ही 81 लाख और मांगे, धमकी मिलने पर साइबर क्राइम में शिकायत; दिल्ली से कूरियर बॉय समेत दो महिलाएं गिरफ्तार

सूरत। अडाजन क्षेत्र में रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी की पत्नी वजन घटाने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गई। दिल्ली की एक कथित कंपनी ने वजन कम करने की दवा के नाम पर छह महीने में उससे टुकड़ों में 1.77 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। जब दवा से कोई असर नहीं हुआ और महिला ने दवा लेना बंद कर दिया तो ठगों ने अतिरिक्त 81.50 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकियां देना शुरू कर दिया।

मामले की जानकारी के अनुसार गत जनवरी में व्यापारी की पत्नी को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला था, जिसमें दिल्ली के डॉ. एम.के. खन्ना के नाम से वजन घटाने की दवा का विज्ञापन भेजा गया था। जानकारी लेने पर प्रिया गुप्ता नाम की युवती ने महिला से संपर्क कर दवा के बारे में बताया और कंपनी का नाम ‘क्योर साइंस’ बताया गया।

बाद में तान्वी शर्मा नाम से दूसरी युवती ने संपर्क कर बताया कि दवा कूरियर से भेजी जाएगी और भुगतान नकद में कूरियर बॉय को देना होगा। इसके बाद दिल्ली से एक कूरियर बॉय कई बार सूरत आकर दवा देता रहा और नकद रकम लेकर जाता रहा। इस तरह छह महीने में महिला ने कुल 1.77 करोड़ रुपये दे दिए।

हालांकि दवा का कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद महिला ने दवा लेना बंद कर दिया। इस पर प्रिया और तान्वी के नाम से संपर्क करने वाली युवतियों ने उसे धमकी दी कि यदि 81.50 लाख रुपये और नहीं दिए तो पहले दिए गए 1.77 करोड़ रुपये भी डूब जाएंगे और फाइल बंद कर दी जाएगी। साथ ही महिला और उसके परिवार को शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करने की धमकी भी दी गई।

डर के चलते महिला ने परिवार को पूरी बात बताई और सूरत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली से दवा पहुंचाने और रुपये लेने आने वाले कूरियर बॉय मोहम्मद हुसैन उर्फ राहुलराज मोहम्मद मुर्तुजा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मामले में शामिल दो अन्य महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है, जिन्हें लेकर पुलिस की टीम सूरत रवाना हो चुकी है।

फिलहाल साइबर क्राइम थाना प्रभारी वी.डी. मंडोरा मामले की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर महिला ने वजन घटाने की दवा के नाम पर इतनी बड़ी रकम नकद में कैसे और क्यों दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button