मौसम विभाग की नई चेतावनी, 2 जुलाई से दो दिन गुजरातभर में भारी बारिश की संभावना
तेज हवाओं से छप्पर उड़ने और पेड़ गिरने का खतरा, अरब सागर में बन रही प्रणाली बारिश को देगी रफ्तार

अहमदाबाद। गुजरात में प्री-मानसून गतिविधियों और मानसून के शुरुआती दौर के बीच मौसम विभाग ने राज्यवासियों, प्रशासन और खासकर मछुआरों के लिए अगले सप्ताह को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। मौसम में एक साथ दो प्रणालियां सक्रिय होने के कारण 2 और 3 जुलाई को राज्यभर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून प्रवेश कर चुका है, लेकिन दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। हालांकि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रहेगी, क्योंकि राज्य के ऊपर एक मजबूत ट्रफ गुजर रहा है, जिसे अरब सागर से पर्याप्त नमी मिल रही है। इसी के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना है।
विभाग के आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार 2 और 3 जुलाई को पूरे गुजरात में व्यापक और तेज बारिश हो सकती है। कई इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा होने की भी आशंका जताई गई है।
दक्षिण गुजरात के सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी और डांग जिलों के साथ केंद्र शासित प्रदेश दमन और दादरा नगर हवेली में विशेष रूप से जोरदार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों के छप्पर उड़ने और पेड़ों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।




