
सूरत।वस्तादेवड़ी क्षेत्र की अर्हम आर्ट्स फर्म सहित तीन वीवर्स के साथ कुल 43.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुंबई स्थित दर्शन ड्रेसेस प्रा. लि. फर्म के संचालक सीमरिया पिता–पुत्र ने एक दलाल के माध्यम से कपड़े का माल खरीदा, लेकिन निर्धारित समय पर भुगतान नहीं किया।
महिधरपुरा पुलिस सूत्रों के अनुसार, पार्ले पॉइंट स्थित सरगम शॉपिंग सेंटर के सामने देवदीप सोसायटी के नंदीश्वरदीप अपार्टमेंट में रहने वाले वीवर तरुण मूलचंदभाई जैन वस्तादेवड़ी रोड स्थित अंजारिया वाड़ी के वीर प्रभु इंडस्ट्रियल एस्टेट, प्लॉट नंबर-10 में ‘अर्हम आर्ट्स’ नाम से लूम्स का कारोबार करते हैं। मुंबई के मलाड वेस्ट और कांदिवली वेस्ट में ‘दर्शन ड्रेसेस प्रा. लि.’ फर्म चलाने वाले व्यापारी प्रविण जी. सीमरिया तथा उनके पुत्र अमित और मेहुल ने कपड़ा दलाल रमेशभाई कनराज मेहता के माध्यम से कपड़े की खरीद की थी।
शुरुआत में समय पर भुगतान कर विश्वास में लेने के बाद आरोपियों ने 25 नवंबर 2022 से 27 फरवरी 2023 के बीच तरुण जैन से 19.18 लाख रुपये मूल्य का पॉली स्पन कपड़ा खरीदा। इसके अलावा वीवर मिहिर महेंद्रभाई कढ़ीवाला से 14.74 लाख रुपये और वरुण विजय सिंह जैन से 9.35 लाख रुपये का कपड़ा लिया गया। कुल मिलाकर 43.27 लाख रुपये का कपड़ा लेने के बाद भी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया।
इस संबंध में वीवर तरुण जैन की शिकायत पर महिधरपुरा पुलिस ने मुंबई के सीमरिया पिता–पुत्र, दलाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 409 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच पुलिस उपनिरीक्षक बी.बी. कातरिया कर रहे हैं।


