25.50 लाख का खेल! कंपनी के पार्टनर और कर्मचारी पर गबन व फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
फाइव फोर्स एडवाइजरी प्रा. लि. के निदेशक की शिकायत पर पूर्व पार्टनर और महिला कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज, कंपनी खातों से लाखों रुपये निकालने और फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार करने का आरोप।

सूरत। पुणा कैनाल रोड स्थित फाइव फोर्स एडवाइजरी प्रा. लि. के निदेशक की शिकायत पर कंपनी के पूर्व पार्टनर और एक कर्मचारी के खिलाफ 25.50 लाख रुपये की कथित गबन तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला पुणा पुलिस ने दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सरथाणा स्थित ऋषिकेश टाउनशिप निवासी पंकजभाई गिरधरभाई रामोलिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी कंपनी में कामराज निवासी मेहुल भरतभाई बलोचिया, जो कंपनी में पार्टनर थे, तथा सरथाणा निवासी रींकलबेन अभिषेकभाई रादड़िया, जो हेल्थ इंश्योरेंस विभाग में ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं, को कंपनी के खातों, बैंकिंग लेन-देन और नकदी का जिम्मा सौंपा गया था।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2018 से जनवरी 2026 के बीच मेहुल बलोचिया तथा 2022 से फरवरी 2025 के दौरान रींकलबेन रादड़िया ने कंपनी प्रबंधन की जानकारी के बिना कंपनी के खातों से 25.50 लाख रुपये निकालकर अपने निजी उपयोग में खर्च कर दिए।
आरोप है कि कंपनी के नियमों के अनुसार निदेशक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं था, फिर भी रींकलबेन के नाम से एक रिलीविंग लेटर तैयार किया गया, जिसमें गलत जानकारी दर्ज कर निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार किए गए।
पुणा पुलिस ने पंकजभाई रामोलिया की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गबन और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




