अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की प्रथम कार्यसमिति बैठक नवसारी में संपन्न

नवसारी।अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद सत्र 2025–27 की प्रथम कार्यसमिति बैठक नवसारी स्थित उदय पैलेस में आयोजित की गई। भारत एवं नेपाल से आए लगभग 130 सदस्यों की उपस्थिति में यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद जैन धर्म के तेरापंथ संप्रदाय से जुड़ा 21 से 45 वर्ष आयु वर्ग के देश-विदेश में फैले लगभग 50 हजार युवाओं का संगठन है। तेरापंथ धर्म संघ के वर्तमान आचार्य श्री महाश्रमण जी के मार्गदर्शन में यह संस्था सेवा, संस्कार और संगठन के उद्देश्यों के साथ कार्य कर रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कार्यकाल के दौरान निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने का संकल्प व्यक्त किया। राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी ने संगठन के मूल सिद्धांतों एवं कार्यदिशा को सदन के समक्ष रखा। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रशिक्षण सत्र में कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग के मुख्य प्रशिक्षक अरविंद मांडोत ने संगठन में सक्रिय सहभागिता, पूर्ण समर्पण तथा स्वयं एवं संघ के विकास के सूत्र बताए। इस अवसर पर नीति आयोग के डायरेक्टर (वैज्ञानिक) डॉ. महावीर गोलेछा ने भी युवाओं को संगठनात्मक नेतृत्व, सेवा भावना एवं मूल्यों के प्रति प्रेरित किया।
बैठक के दौरान सेवा, संस्कार एवं संगठन के विभिन्न आयामों के प्रभारियों ने अपने-अपने तीन माह, दो वर्ष तथा वर्ष 2030 तक के लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष द्वय अनंत बागरेचा एवं अभिनन्दन नाहटा ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु अपने विचार रखे।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री रोहित कोठारी ने संगठन को प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए शाखा प्रभारी की भूमिका को स्पष्ट किया। राष्ट्रीय सह मंत्री द्वय पवन नौलखा एवं अंकुर लूनिया ने युवा सशक्तिकरण एवं युवा लोक आधारित गतिविधियों पर चर्चा की। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विकास बोथरा ने संस्था की वित्तीय गतिविधियों की जानकारी दी।अंत में साउथ गुजरात की शाखाओं एवं संयोजक नीलेश टेबा तथा उनके परिवार द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया। बैठक का कुशल संचालन राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी द्वारा किया गया।



