सूरत क्षेत्र में तेरापंथ युवक परिषद की विभिन्न शाखाओं द्वारा कुल 51 रक्तदान कैंपो में 5700 यूनिट रक्त संग्रहण
विश्व की सबसे बड़ी रक्तदाता संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव

सूरत। विश्व की सबसे बड़ी रक्तदाता संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के 61वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर 2025, बुधवार को मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव – रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 का विश्व स्तरीय आयोजन हुआ। इस अभियान के अंतर्गत विश्वभर में 7500 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
सूरत क्षेत्र में तेरापंथ युवक परिषद की विभिन्न शाखाओं द्वारा कुल 51 रक्तदान कैंप लगाए गए, जिनमें उधना में 13, पर्वत पाटीया में 11, लिंबायत में 1 सहित सचिन व अन्य क्षेत्रों में कैंप आयोजित हुए। इन सभी कैंपों के संचालन में परिषद की सूरत शाखा के 400 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सेवाएँ दीं, साथ ही कई सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग मिला। इस अवसर पर सूरत क्षेत्र में कुल 5700 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

ITC रक्तदान केंद्र पर माननीय मेयर श्री दक्षेश मवाणी, पुलिस कमिश्नर श्री अनुपमसिंह गहलोत, ड्यूटी पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) श्री पन्ना मोमया एवं डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. निधि ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. ठाकुर ने स्वयं रक्तदान कर महिलाओं को प्रेरक संदेश दिया। अन्य कैंपों पर भी विधायक, कॉर्पोरेटर एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
तेरापंथ युवक परिषद सूरत के अध्यक्ष नमन मेडतवाल, मंत्री कल्पेश बाफना, प्रबंधन मंडल, गुजरात राज्य प्रभारी अभिनंदन गाड़िया तथा MBDD के संयोजक व सहसंयोजकों सहित संपूर्ण कार्यकारिणी टीम ने व्यक्तिगत रूप से जन-जन तक पहुँचकर रक्तदान के लिए प्रेरित किया। परिणामस्वरूप पूरे सूरत शहर में रक्त क्रांति की लहर देखने को मिली।
गौरतलब है कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद वर्ष 2014 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुकी है। इस वर्ष भी विश्व स्तरीय मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव में हेल्थ मिनिस्ट्री, रेलवे मिनिस्ट्री तथा IRCTC का विशेष सहयोग रहा। पिछले कई दिनों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग पोर्टल पर MBDD का प्रचार हुआ तथा देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणाओं के माध्यम से इस अभियान की जानकारी दी गई।




