
सूरत। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने गुरुवार को सूरत में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए हाल ही में संशोधित जीएसटी दरों से आम नागरिक, छोटे दुकानदार, एमएसएमई और निर्यातकों को होने वाले फायदों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को सस्ती मशीनें और बायोपेस्टीसाइड उपलब्ध होंगे, उर्वरकों की दरों में कमी से स्थानीय उत्पादन बढ़ेगा, मैनमेड फाइबर पर उपयुक्त दर से निर्यात में वृद्धि होगी और हस्तकला क्षेत्र में कर में कमी से कारीगरों की आय बढ़ेगी। दवाओं और उपकरणों पर कर घटने से स्वास्थ्य सेवाएँ सस्ती होंगी तथा हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी पर टैक्स समाप्त करने से “सर्वजन बीमा” मिशन को बल मिलेगा। उपभोक्ता वस्तुओं पर दरें 12% से घटाकर 5% करने से आम जनता को सीधा लाभ होगा।
पाटिल ने बताया कि 2017 में लागू जीएसटी से पहले हर राज्य में अलग-अलग कर व्यवस्था थी, जिसे खत्म कर “एक राष्ट्र–एक कर” लागू किया गया। अब चार स्लैब की जगह केवल 5% और 18% दो स्लैब रखे गए हैं। प्रधानमंत्री द्वारा 15 अगस्त को घोषित “दिवाली गिफ्ट” के अंतर्गत ये दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। एक सर्वे के अनुसार MSME समेत 85% लोगों ने इन सुधारों को संतोषजनक माना है। उन्होंने कहा कि 2017 में 66.5 लाख जीएसटी रजिस्ट्रेशन थे, जो 2025 में बढ़कर 1.51 करोड़ हो गए हैं।
सूरत हवाई अड्डे के संबंध में उन्होंने बताया कि टर्मिनल भवन का पुनर्विन्यास कार्य पूर्ण हो गया है और यात्री कैफे स्थापित करने की योजना विचाराधीन है, जहाँ मूलभूत वस्तुएँ सस्ते दर पर उपलब्ध होंगी। सितंबर 2025 में ऑटो स्टैंड विकास कार्य भी शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि कभी गंदे शहरों में गिना जाने वाला सूरत अब स्वच्छता में देश में प्रथम स्थान पर आया है, जिसका श्रेय 6000 सफाई कर्मचारियों को जाता है। इनका सम्मान प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को इंदौर स्टेडियम में किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, आवास और वाहन ऋण हेतु विशेष फंड भी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री हर्षभाई संघवी ने जानकारी दी कि “नमोत्सव” अंतर्गत 7 सितंबर को सूरत सरसाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाल्यकाल से विश्व नेता बनने तक की यात्रा पर आधारित मल्टीमीडिया शो 400 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका आयोजन लैबग्रोउन डायमंड एसोसिएशन द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर सांसद मुकेश दलाल, राज्य मंत्री मुकेश पटेल, भाजपा नगर अध्यक्ष परेश पटेल, विधायक संगिता पाटिल, मनुभाई पटेल, संदीप देसाई, प्रदेश उपाध्यक्ष जनक बगदाणावाला, शहर महामंत्री किशोर बिंदल, भाजपा नेता कालूभाई भीमनाथ, नरेंद्र पाटिल, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन राजन पटेल व शासक दल नेता शशिबेन त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।




