Textileसूरत सिटी

सूरत में मूसलाधार बारिश के बीच रेड अलर्ट, जलनिकासी और राहत कार्य युद्धस्तर पर

निचले इलाकों में SDRF-NDRF की टीमें तैनात, अतिरिक्त बल भी बुलाया गया; नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

सूरत, बुधवार। सूरत शहर में बुधवार तड़के से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। संभावित आपदा से निपटने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सूरत महानगरपालिका (SMC) और जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत एवं जलनिकासी कार्य शुरू कर दिए हैं।

नगर आयुक्त एम. नागराजन ने बताया कि सुबह से ही मनपा के अधिकारी और कर्मचारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद रहकर जलभराव वाले इलाकों से तेजी से पानी निकालने में जुटे हैं। निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

रेड अलर्ट को देखते हुए पहले से तैनात SDRF और NDRF की दो टीमों के अलावा दो अतिरिक्त टीमें भी बुलाई गई हैं। इन टीमों को जलभराव की आशंका वाले इलाकों में स्टैंडबाय रखा गया है। भेदवाड़ खाड़ी क्षेत्र में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने पर जोखिम वाले क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टर होम में स्थानांतरित किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वहीं, बारिश की स्थिति को देखते हुए BRTS और सिटी बस सेवाओं की निगरानी की जा रही है। एहतियात के तौर पर शहर के लगभग पांच बस रूटों पर फिलहाल सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है, जबकि अन्य मार्गों पर स्थिति के अनुसार संचालन जारी है।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में SMC की हेल्पलाइन या इमरजेंसी नंबर पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सभी आवश्यक एहतियाती इंतजाम किए हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन रेड अलर्ट के दौरान सभी नागरिक सतर्क रहें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button