सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

वॉक फॉर पीस एवं योगा कार्यक्रम में गूंजा शांति और स्वास्थ्य का संदेश

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों के संयुक्त आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने लिया भाग

सूरत। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के भीमराड एवं अल्थान टेनमेंट सेवा केंद्रों द्वारा 14 जून 2026 को “वॉक फॉर पीस एवं योगा” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कायरोप्रैक्टिक चिकित्सक डॉ. आकाश घनश्याम पटेल (डी.सी.) रहे। सेवा केंद्र की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका लक्ष्मी दीदी एवं क्रांति दीदी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। योग शिक्षिका रेखा बेन ने उपस्थितजनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास कराए तथा योग के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ. आकाश पटेल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग, व्यायाम और प्रातःकालीन वॉक को दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। वहीं क्रांति दीदी ने राजयोग ध्यान के महत्व को बताते हुए कहा कि विश्व शांति की शुरुआत व्यक्ति की आंतरिक शांति से होती है और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर तनावमुक्त एवं सुखमय जीवन जिया जा सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में भीमराड सेवा केंद्र के ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने सक्रिय सहयोग दिया। विश्व शांति और मानव कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button