पूर प्रभावितों को 29 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम चेक वितरित, राहत कार्यों की समीक्षा की
डिप्टी सीएम हर्ष संघवी बोले—20 करोड़ रुपये की नकद व घरेलू सहायता पहले ही पहुंचाई जा चुकी

सूरत। हाल ही में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित सूरत के नागरिकों, छोटे-बड़े व्यापारियों, लारी-गल्ला संचालकों तथा केबिन मालिकों के पुनर्वास के लिए गुजरात सरकार द्वारा राहत कार्य तेज गति से जारी हैं। इसी क्रम में रविवार को डिप्टी मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सूरत सर्किट हाउस में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रफुल पानशेरिया की उपस्थिति में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के वाहन एवं संपत्ति बीमा धारकों को 29 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम सेटलमेंट के चेक वितरित किए गए।
बैठक में हर्ष संघवी ने कहा कि 6 और 7 जुलाई को हुई अतिवृष्टि के बाद राज्य सरकार, जिला प्रशासन और सूरत महानगरपालिका ने “टीम गुजरात” के रूप में मिलकर युद्धस्तर पर राहत कार्य किए। अब तक 61,360 नागरिकों को 5.50 करोड़ रुपये की नकद सहायता (कैश डोल्स) तथा 29,642 परिवारों को 14.82 करोड़ रुपये की घरेलू सामग्री सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस प्रकार कुल 20 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि प्रभावितों तक पहुंचाई गई है।
उन्होंने बताया कि देश में पहली बार किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बाद इतनी कम अवधि में बीमा कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्लेम प्रक्रिया को तेज किया गया है। प्राप्त 5,287 बीमा दावों में से लगभग 85 प्रतिशत मामलों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 29 करोड़ रुपये के क्लेम स्वीकृत कर लाभार्थियों को चेक सौंपे गए हैं।
संघवी ने कहा कि बीमा क्लेम में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए नियमित समीक्षा की जा रही है। अगले 15 दिनों में फिर समीक्षा बैठक होगी। जिन बीमा कंपनियों की प्रगति धीमी है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक कार्य नहीं करने वाली सात बीमा कंपनियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी पात्र परिवार राहत से वंचित न रहे और सभी प्रभावित जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।




