वेसू के श्री महाविदेहधाम जैन संघ में भव्य चातुर्मास प्रवेश महोत्सव संपन्न

सूरत। वेसू स्थित श्री महाविदेहधाम श्वेतांबर मूर्तिपूजक तपागच्छ जैन संघ के सविताबा–कमलाबा आराधना संकुल में परम पूज्य आचार्य भगवंत कुलचंद्रसूरीश्वरजी महाराज एवं आचार्य भगवंत रश्मिराजसूरीश्वरजी महाराज आदि ठाणा का पावन चातुर्मास प्रवेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
चातुर्मास प्रवेश के अवसर पर सविताबेन पन्नालालजी छोगमलजी शाह परिवार (मालवाड़ा) के निवास स्थान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और मंगलध्वनि के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जैन समाज की महिलाओं ने कलश, श्रीफल एवं मंगल प्रतीकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।गुरुभगवंतों के मंगल उपाश्रय प्रवेश के पश्चात प्रेरणादायी प्रवचन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके बाद साधर्मिक भक्ति का कार्यक्रम भी श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
चातुर्मास प्रवेश दिवस के संपूर्ण लाभार्थी के रूप में सविताबेन पन्नालालजी छोगमलजी शाह परिवार (मालवाड़ा) ने सेवा एवं समर्पण भाव से पूरे आयोजन का लाभार्थी पद संभाला।पूरे कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरुभगवंतों के पावन चरणों में वंदन कर चातुर्मास के शुभारंभ पर धर्म आराधना, संयम और सदाचारपूर्ण जीवन का संकल्प लिया।




