Textileसामाजिक/ धार्मिक

पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली भव्य गणेश जागरूकता रैली

मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान, जन-जन तक पहुंचाया हरित गणेशोत्सव का संदेश

सूरत। श्री गणेश उत्सव समिति, सूरत शहर द्वारा आयोजित “पर्यावरण अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमा जागरूकता अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को महाराणा प्रताप सर्कल (डीकेएम अस्पताल के पास, कोटसफील रोड) से भागल चार रास्ता तक भव्य पदयात्रा एवं जनजागृति रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की प्रतिमाओं के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल मिट्टी की भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रेरित करना था।

रैली का शुभारंभ वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उनके अदम्य शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी संस्कृति का संदेश देते हुए रैली आगे बढ़ी।

रैली के दौरान “मिट्टी की प्रतिमा लाएं – पर्यावरण बचाएं” तथा “मिट्टी की गणेश प्रतिमा ही स्थापित करें” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। गणेश भक्तों ने लोगों से हरित गणेशोत्सव मनाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।

समिति ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कई बार पर्यावरण अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने का आग्रह कर चुके हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया।

रैली में श्री गणेश उत्सव समिति, सूरत शहर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी अंबरीशानंदजी, गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक पूर्णेश मोदी, विधायक अरविंद राणा, मंत्री स्वामी लक्ष्मण ज्योतिजी, महंत बटुकगिरिजी, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल बिस्किटवाला, उपाध्यक्ष वीरल गोडीवाला, सूरत महानगरपालिका के सत्तापक्ष की नेता अल्पा मेहता, स्लम इम्प्रूवमेंट समिति के चेयरमैन दिग्विजयसिंह बारड़, पार्षद हीनाबेन टांक, मनीषाबेन महात्मा, संदीप चलकवाला, ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनें, समिति के पदाधिकारी, विभिन्न गणेश मंडलों के प्रतिनिधि, पुलिस स्टेशन क्षेत्र के संयोजक-सहसंयोजक, गणेश भक्त तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने और स्वच्छ व हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button