गौशाला में पहली बार होगा जगद्गुरु शंकराचार्य का चातुर्मास
29 जुलाई से 26 सितंबर तक पथमेड़ा में होगा ‘सुरभि हरिहर चातुर्मास आराधना महोत्सव’, देशभर से लाखों गोभक्तों के पहुंचने की उम्मीद

सूरत। श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के तत्वावधान में पहली बार किसी गौशाला परिसर में जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वतीजी महाराज (शारदा द्वारिका पीठाधीश्वर) के पावन सान्निध्य में ‘सुरभि हरिहर चातुर्मास आराधना महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। 29 जुलाई से 26 सितंबर तक चलने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर से लाखों गोभक्तों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा, सूरत के मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षी ने बताया कि संस्था के संस्थापक एवं प्रधान संरक्षक परम श्रद्धेय गौऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराजश्री की प्रेरणा से हजारों गोमाताओं के मध्य अभिनव व्रजमंडल मनोरमा गोलोकतीर्थ अर्बुदारण्य की पावन भूमि पर यह भव्य चातुर्मास आयोजित होगा। संस्था के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीईओ) एवं सूरत प्रभारी आलोक सिंहल ने कहा कि किसी गौशाला में पहली बार आयोजित होने वाला यह चातुर्मास गोसेवा और सनातन संस्कृति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
लोक पुण्यार्थ न्यास, सूरत के प्रभारी विपिन जालान ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, श्रीरामचरितमानस कथा, नानी बाई का मायरा, श्री शिवमहापुराण कथा, श्री हरिहर भक्तमाल कथा और गोभक्तमाल कथा सहित सात प्रमुख धार्मिक कथाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन गौ-अनुष्ठान, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री लालसिंह रणधीसर ने बताया कि आयोजन के दौरान गोबर एवं गोमूत्र आधारित प्राकृतिक खेती, गोदुग्ध, गोचिकित्सा, गोसंवर्धन, देशी नस्ल संरक्षण तथा पंचगव्य आधारित मानव चिकित्सा जैसे विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। युवा शाखा प्रभारी अंकित सुथार एवं मुख्य सलाहकार विनोद अग्रवाल शांतम ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुजरात सहित देशभर में गोचेतना का व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

संयोजक किशोरसिंह नेतरा ने बताया कि गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु यात्राओं के माध्यम से पथमेड़ा पहुंचकर चातुर्मास आराधना एवं गौसेवा का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर श्रीमती मनीषा टिबडेवाल, मांगीलाल चाटेलाव, मूलसिंह कारोलिया, प्रकाश बरलूट, तन्मय अग्रवाल, घनश्याम सारडा, अजय शर्मा, हर्ष पटेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षी ने सभी गोभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों से इस ऐतिहासिक चातुर्मास आराधना महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर गौसेवा, धर्मसेवा एवं राष्ट्रसेवा के इस पुण्य अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।




