महावीर इंटरनेशनल का निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जाँच शिविर, 378 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
186 की स्वास्थ्य जाँच, 192 की नेत्र जाँच, 180 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मों का वितरण

सूरत। महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा–सूरत की ओर से कडोदरा स्थित जेसल सिल्क मिल्स प्रा. लि. परिसर में निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्य एवं ट्रस्टी वीर श्री रविन्द्र जैन के सहयोग से आयोजित इस सेवा शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं जरूरतमंदों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में निर्मल हॉस्पिटल, सूरत की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने 186 से अधिक लाभार्थियों का ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ऊँचाई, वजन एवं पल्स रेट की जाँच की। वहीं 55 लोगों की निःशुल्क ईसीजी कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।
नेत्र जाँच शिविर का संचालन डॉ. महेन्द्रसिंह एवं श्री के. पी. संघवी आई हॉस्पिटल, सूरत की विशेषज्ञ टीम ने किया। शिविर में 192 लोगों की आँखों की जाँच की गई, जिनमें 180 लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार आई ड्रॉप्स भी उपलब्ध कराई गईं तथा मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।
शिविर की व्यवस्थाओं में वीर श्री ऋषभ रविन्द्र जैन एवं उनकी टीम ने सेवा भाव से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सेवा अभियान में संस्था के लगभग 35 वीर एवं वीराओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में गुजरात ज़ोन चेयरपर्सन वीरा निशा सेठिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर हाल ही में उपधान महातप सम्पन्न करने वाले वीर श्री रविन्द्र जैन एवं उनकी धर्मपत्नी वीरा सुनीता जैन का मोमेंटो, शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल “सबकी सेवा–सबको प्यार” तथा “जियो और जीने दो” के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।




