रक्तदान सेवा के लिए राजेश शर्मा को मिला ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान-2026’

मुंबई/सीकर। अरिहन्तानं रक्त सारथी संस्थान द्वारा 28 जून को मुंबई के मलाड में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में देशभर से रक्तदान सेवा से जुड़े समाजसेवियों और रक्तवीरों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजेश शर्मा को रक्तदान एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके सेवा कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मलाड विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील प्रभु थे। विशिष्ट अतिथियों में संयुक्त राष्ट्र स्तर पर सम्मानित एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित, कारगिल युद्ध के हीरो तथा डबल सेंचुरियन ब्लड डोनर कैप्टन डॉ. सुरेश सैनी (करनाल), मलाड के डीएसपी अजीत बहाड़ने, सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण वाजपेयी तथा मुंबई महानगरपालिका के आईएएस अधिकारी विनय पैठी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे रक्तवीरों को सम्मानित किया।
संस्था के कैलाश जैन ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए रक्तदान जैसे महादान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि राजेश शर्मा “सीकर जीवनदाता ब्लड हेल्प” के नाम से संस्था संचालित करते हैं, जो पूरे भारत में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए निःस्वार्थ सेवा कार्य कर रही है। उनकी इस सेवा भावना को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।



