
सूरत। उद्योग, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देवकिशन मंगानी को दि सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में सम्मानित किया गया। चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी तथा मानद सचिव भीमजी जरीवाला ने उन्हें अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
चैंबर के ग्लोबल कनेक्ट (वर्ल्ड) चेयरमैन के रूप में देवकिशन मंगानी ने विभिन्न देशों के डेलिगेशन, विदेशी राजनयिकों (डिप्लोमेट्स), उद्योगपतियों और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को भारतीय उद्योग जगत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से व्यापारिक संबंधों को नई दिशा मिली है तथा भारतीय उद्योगों को वैश्विक अवसरों से जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान हुई है।
सम्मान समारोह में चैंबर पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि देवकिशन मंगानी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चैंबर की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए भारतीय उद्योग जगत के लिए विश्वभर में नए अवसरों और सहयोग के मार्ग प्रशस्त करेंगे।
इस अवसर पर देवकिशन मंगानी ने चैंबर नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी और विश्वास सौंपा गया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में चैंबर और भारतीय उद्योगों के हित में अपेक्षाओं से भी बेहतर परिणाम देने का प्रयास करेंगे।
विशेष रूप से, चीफ पैट्रन श्रेणी से जुड़े देवकिशन मंगानी को चैंबर की सीनियर मैनेजिंग कमेटी में भी स्थान प्रदान किया गया। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


