सूरत सिटी

अडाजन घुड़दौड़ रोड माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, सुनील माहेश्वरी लगातार दूसरी बार बने अध्यक्ष

सर्वसम्मति से गठित नई टीम समाज सेवा, संगठन विस्तार और युवा प्रकल्पों को देगी प्राथमिकता

सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अंतर्गत आने वाली अडाजन घुड़दौड़ रोड माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के चुनाव गुरुवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव में सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन होने से समाज में उत्साह का माहौल रहा। लगातार दूसरी बार सुनील माहेश्वरी को सभा का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया।

नई कार्यकारिणी में प्रवेश मोहता को सचिव, घनश्याम सोनी को लगातार दूसरी बार कोषाध्यक्ष तथा रविन्द्र देवपुरा को संगठन मंत्री चुना गया। इसके अलावा कमल बजाज एवं मनोज गन्दोडिया को उपाध्यक्ष तथा चेतन कोठारी को सहसचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

सभा के संरक्षक रामसहाय सोनी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले चुनाव अधिकारियों श्रीलाल सारडा, महेंद्र झंवर और गोपाल भराड़िया का आभार व्यक्त किया। वहीं सभा संरक्षक ओमप्रकाश देवपुरा ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नवगठित टीम समाज हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नई ऊर्जा, समर्पण और टीम वर्क के साथ समाज उत्थान के लिए कार्य करेगी।

निवर्तमान सचिव सुनील जागेटिया ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा नेतृत्व वाली टीम के निर्विरोध निर्वाचन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और युवा विकास से जुड़े प्रकल्पों को गति मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी समाज सेवा के साथ संगठन विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button