पुणा गांव माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन, प्रकाश राठी बने अध्यक्ष
सर्वसम्मति से चुनी गई नई टीम समाज सेवा, संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को देगी नई दिशा

सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अंतर्गत आने वाली पुणा गांव माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्विरोध गठन किया गया। सभा के निवर्तमान अध्यक्ष दीपक डागा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए बताया कि समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों की सहमति से प्रकाश राठी को अध्यक्ष तथा भगवानदास राठी को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई कार्यकारिणी में राजेश झंवर को संगठन मंत्री एवं सुनील सोनी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मेघराज सोनी और श्यामसुंदर मूंदड़ा को उपाध्यक्ष तथा पवन लखानी एवं मनोहर भूतड़ा को सह सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
सभा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित टीम समाज के विकास, संगठन की मजबूती तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को आगे बढ़ाया जाएगा।
नई कार्यकारिणी के गठन के अवसर पर सभा के सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उपस्थित सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि नई टीम समाज हित में समर्पित भाव से कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




