सेवा आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में कोलन हाइड्रो थैरेपी एवं डिटॉक्स विभाग का शुभारंभ, हुआ “मन की बात” का सामूहिक श्रवण

सूरत। सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण एवं सीधा प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत समाजहित में कोलन हाइड्रो थैरेपी एवं डिटॉक्स विभाग का लोकार्पण कर उसे समाज को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक मनुभाई पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी छोटूभाई पाटिल साहब, दोनों वार्डों के सम्माननीय पार्षदगण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, मुख सेवाधारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान भी किया गया।
अधिक मास के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्री बांके बिहारी आगरा मंडल सेवा ट्रस्ट (रजि.), सूरत एवं श्री शिवयोगी टैक्स. प्रिंट के सहयोग से सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में नवीन कोलन हाइड्रो थैरेपी एवं डिटॉक्स विभाग का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विभाग के सेवार्थी श्रीमती अंजनी मनीष गर्ग एवं श्रीमती शालिनी राकेश जैन रहे, जिन्होंने इस सेवा को समाज को समर्पित किया।

विभाग का लोकार्पण विधायक मनुभाई पटेल, छोटूभाई पाटिल, सम्माननीय पार्षदगण एवं श्री शिवयोगी टैक्स. प्रिंट के डायरेक्टर के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सेवा फाउंडेशन के संस्थापक श्री अशोक गोयल ने कोलन हाइड्रो थैरेपी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह बड़ी आंत की सफाई की एक आधुनिक एवं वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाने तथा शरीर से अवांछित विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक है।
उन्होंने बताया कि सूरत में सीमित स्थानों पर उपलब्ध यह सुविधा अब सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में सेवा भाव एवं राहत दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। किसी सामाजिक संस्था द्वारा संचालित यह अपनी तरह का एक विशिष्ट प्रयास है।
इस अवसर पर सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव ओमर, उपाध्यक्ष सुभाष जिंदल, सचिव कमल संचेती, सुभाष रावल सुरेन्द्र गाड़िया सहित समस्त ट्रस्टीगण, सेवाधारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




