धर्मसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

तेरापंथी सभा पर्वत पाटिया की वार्षिक सभा सम्पन्न, संजय बोहरा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

सत्र 2026-28 के लिए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे संजय बोहरा, अनुदानदाताओं और कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

सूरत। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, पर्वत पाटिया की दसवीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन रविवार को तेरापंथ भवन, पर्वत पाटिया में सभा अध्यक्ष गौतमचंद ढेलड़िया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक नमस्कार महामंत्र एवं सभा गीत के संगान से हुई।
महासभा कार्यसमिति सदस्य एवं सभा मंत्री प्रदीप गंग ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया। अध्यक्ष गौतमचंद ढेलड़िया ने उपस्थित समाजजनों का स्वागत करते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सहमंत्री रमेश ओस्तवाल ने गत वार्षिक सभा की कार्यवाही प्रस्तुत की।
सभा मंत्री प्रदीप गंग ने पिछले दो वर्षों में किए गए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से इन गतिविधियों को समाज के समक्ष प्रदर्शित किया तथा सभी कार्यकर्ताओं का श्लोक के माध्यम से अभिनंदन किया। कोषाध्यक्ष महेंद्र बोथरा ने सत्र 2024-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने ‘ॐ अर्हम्’ की ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से पारित किया।


इस अवसर पर पिछले दो वर्षों के अनुदानदाताओं का सम्मान भी किया गया। अध्यक्ष गौतमचंद ढेलड़िया ने अपनी कार्यकारिणी के विसर्जन की घोषणा की।
चुनाव अधिकारी चंद्रप्रकाश परमार ने बताया कि सत्र 2026-28 के अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद सदन द्वारा संजय बोहरा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। चुनाव अधिकारी ने संजय बोहरा को सत्र 2026-28 के लिए तेरापंथी सभा का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया।
निर्वतमान अध्यक्ष गौतमचंद ढेलड़िया, मैनेजिंग ट्रस्टी कुलदीप कोठारी, सभा परामर्शक ज्ञानचंद कोठारी एवं सुरेश वैदमुथा ने तिलक एवं साफा पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया। संजय बोहरा ने अध्यक्ष पद स्वीकार करते हुए अपने विचार व्यक्त किए और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास दिलाया।
स्वागत उद्बोधन के क्रम में पूर्व सभा मंत्री प्रदीप गंग, महासभा परिवार से गौतम चौपड़ा, महिला मंडल अध्यक्षा सुमन बैद, तेयुप अध्यक्ष अमित बुच्चा, ज्ञानशाला परिवार से वरिष्ठ प्रशिक्षिका कुसुम बोथरा, जैन संस्कारक पवन बुच्चा, जितेंद्र बोहरा, अनिल चौधरी एवं रंजना बोकड़िया ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में महासभा परिवार से गौतम चौपड़ा, पूर्व शाखा प्रभारी सुनील श्रीश्रीमाल एवं सुरेश चपलोत की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सभा संगठन मंत्री पवन बुच्चा एवं कार्यकारिणी सदस्य अनिल चौधरी ने किया, जबकि अंत में उपाध्यक्ष रणजीत घिया ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button