
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के आगामी चुनावों को लेकर शनिवार, 30 मई 2026 को फोस्टा कार्यालय में चुनाव अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30 अप्रैल 2026 तक सदस्य बने सदस्यों की मतदाता सूची तथा विभिन्न मार्केटों की मतदाता सूचियों का गहन अध्ययन एवं परीक्षण किया गया। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन पत्र प्राप्त करने, नामांकन जमा करने, नाम वापसी, अंतिम उम्मीदवार सूची के प्रकाशन तथा मतदान तिथि सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सभी सदस्यों के अवलोकनार्थ जारी कर दी गई है।
बैठक में चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल उपस्थित रहे। जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव नियमों के तहत सदस्य 4 जून से 6 जून 2026 तक लिखित आवेदन देकर फोस्टा कार्यालय से दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच नामांकन पत्र प्राप्त कर सकेंगे। नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 6 जून तथा 8 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक फोस्टा कार्यालय में होगी। नामांकन पत्रों की जांच 8 एवं 9 जून को की जाएगी तथा जांच के बाद 9 जून को प्रत्याशियों की सूची प्रदर्शित कर दी जाएगी।
उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 13 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि उसी दिन शाम 6 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची फोस्टा कार्यालय में जारी कर दी जाएगी। यदि चुनाव की आवश्यकता हुई तो मतदान 20 जून 2026, शनिवार को मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट, रिंग रोड, सूरत में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी और मतों की गिनती पूरी होते ही उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। फोस्टा चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही शहर के टेक्सटाइल व्यापारिक क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।




