तिरुपति मार्केट में आवारा कुत्तों ने 9 वर्षीय मासूम को नोचा
3 कुत्तों ने 40 सेकंड तक किया जानलेवा हमला, सिर-जांघ समेत शरीर पर 15 से ज्यादा जगह काटा; स्मीमेर अस्पताल में भर्ती

सूरत। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सलाबतपुरा क्षेत्र में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां तीन आवारा कुत्तों ने 9 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन देकर उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तरप्रदेश के कानपुर निवासी और वर्तमान में सलाबतपुरा की नवाब की चाल में रहने वाले मोहम्मद साबिर सिद्दीकी सिलाई काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका 9 वर्षीय पुत्र मोहम्मद हमदान कक्षा-3 में पढ़ाई करता है। बकरी ईद के मौके पर परिवार सोमवार दोपहर ट्रेन से अपने वतन जाने वाला था। इसी कारण रविवार शाम परिवार सलाबतपुरा स्थित बेगमवाड़ी की तिरुपति मार्केट में कपड़ों की खरीदारी करने गया था।
बताया गया है कि परिवार दुकान में कपड़ों का भुगतान कर रहा था, तभी मोहम्मद हमदान दुकान के बाहर आ गया। उसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने बच्चे को पकड़कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद वहां मौजूद दो अन्य कुत्ते भी आ पहुंचे और करीब 30 से 40 सेकंड तक बच्चे पर हमला करते रहे। बच्चे के पिता की नजर पड़ते ही वह दौड़कर बाहर आए और किसी तरह कुत्तों को भगाया।
हमले में बच्चे के सिर, दोनों हाथ-पैर और जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों पर 15 से अधिक गंभीर जख्म हो गए। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज इंजेक्शन देकर भर्ती कर उपचार शुरू किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिरुपति मार्केट समेत आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। दो-ढाई महीने पहले भी कुत्तों ने कई लोगों पर हमला किया था, लेकिन मनपा द्वारा कुत्तों को पकड़ने और हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते अब बच्चे और राहगीर लगातार इन हमलों का शिकार बन रहे हैं।



