businessTextileक्राइमसूरत सिटी

जॉबवर्क कारखानेदार से काशी मार्केट के चार व्यापारियों ने की 7.33 लाख रुपये की धोखाधड़ी

अग्रवाल फैब इंडिया और सूर्यवंशी फैशन के साथ अलग-अलग लेनदेन में बकाया रकम नहीं चुकाने व धमकी देने की शिकायत

 

काशी मार्केट की दो फर्मों के संचालकों समेत चार व्यापारियों पर मामला दर्ज

सूरत। शहर के सलाबतपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क कराने के बाद भुगतान नहीं करने और धमकी देने के आरोप में रामवाड़ी स्थित काशी मार्केट दो अलग-अलग टेक्सटाइल फर्मों के चार संचालकों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मोटा वराछा स्थित आनंद वाटिका अपार्टमेंट, महादेव चौक के पास निवासी एम्ब्रॉयडरी कारोबारी जिग्नेशभाई धीरजलाल वाडोदरीया न्यू जीआईडीसी फुलपाड़ा रोड, कतारगाम स्थित “स्टाइल फैशन” नाम से पिछले पांच वर्षों से एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क का व्यवसाय कर रहे हैं। वर्ष 2024 के दौरान एक डिजाइनर के माध्यम से उनकी पहचान सलाबतपुरा रिंग रोड स्थित काशी मार्केट में संचालित “सूर्यवंशी फैशन” के संचालकों से हुई, जिसके बाद व्यावसायिक लेनदेन शुरू हुआ।

आरोपी संजय अग्रवाल (वहीवटकर्ता) तथा अमर संजय अग्रवाल (प्रोप्राइटर) द्वारा संचालित सूर्यवंशी फैशन के लिए फरियादी ने 15 जुलाई 2024 से 27 जून 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 7,96,196 रुपये का एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क किया। इसके बदले आरोपियों ने टुकड़ों में 5,70,109 रुपये का भुगतान किया, जबकि 2,26,087 रुपये बकाया रखे गए, जो बार-बार मांगने के बावजूद नहीं चुकाए गए।
सूर्यवंशी फैशन के संचालकों के कहने पर उन्होंने काशी मार्केट स्थित अग्रवाल फैब इंडिया के साथ भी काम शुरू किया। यहां आरोपी किशनकुमार गोविंदप्रसाद अग्रवाल (प्रोप्राइटर) तथा गोविंदप्रसाद अग्रवाल (वहीवटकर्ता) के लिए 16 दिसंबर 2024 से 18 अप्रैल 2025 के बीच कुल 5,55,239 रुपये का जॉबवर्क किया गया। इसमें से केवल 48,282 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 5,06,957 रुपये बकाया रखे गए।
फरियादी का आरोप है कि चारों आरोपियों ने आपस में मिलकर विश्वास में लेकर कुल 13,51,435 रुपये का काम कराया, जिसमें से 6,18,391 रुपये देने के बाद शेष 7,33,044 रुपये का भुगतान नहीं किया गया। उधारी मांगने पर आरोपियों द्वारा टालमटोल करने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन के पुलिस सब-इंस्पेक्टर एस.एम. सिसोदिया ने जिग्नेश की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आगे की जांच व कार्यवाही शुरू की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button