businessTextileअहमदबादसूरत सिटी

जीएसटी रिटर्न भरने में परेशानी: व्यापारियों पर लेट फीस का खतरा,

सर्वर सिस्टम की गलती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा

सूरत। शहर में पिछले पांच दिनों से जीएसटी रिटर्न भरने में व्यापारियों को गंभीर तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जीएसटी 3बी रिटर्न भरने की अंतिम तिथि होने के बावजूद कई व्यापारी अब तक रिटर्न दाखिल नहीं कर सके हैं। ऐसे में उन्हें देरी के लिए प्रतिदिन ₹100 के हिसाब से लेट फीस भरने का खतरा मंडरा रहा है।

जानकारी के अनुसार, हर महीने की तरह मार्च माह का जीएसटी रिटर्न 20 अप्रैल तक भरना अनिवार्य होता है। लेकिन इस बार लगातार सर्वर की समस्या के कारण व्यापारी समय पर रिटर्न फाइल नहीं कर पाए। व्यापारियों का कहना है कि वे समय पर रिटर्न भरने के लिए पूरी तरह तैयार थे, लेकिन पोर्टल पर बार-बार ऑटोमेटिक लॉगआउट और स्लो सर्वर जैसी दिक्कतों के चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

बताया जा रहा है कि सर्वर क्षमता बढ़ाने के दावे किए गए थे, फिर भी हर कुछ महीनों में यह समस्या दोबारा सामने आ जाती है। पिछले कई दिनों से सर्वर सही तरीके से काम नहीं कर रहा, जिसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।

हर महीने 15 से 20 तारीख के बीच अधिकतर व्यापारी जीएसटी 3बी रिटर्न फाइल करते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इस पीक समय के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, जिससे बड़ी संख्या में व्यापारी प्रभावित हुए हैं।

इस स्थिति को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब गलती सिस्टम और प्रशासन की है, तब भी उन्हें ही दंड भुगतना पड़ रहा है। मजबूरी में अब कई व्यापारियों को लेट फीस के साथ रिटर्न भरना पड़ेगा, जबकि वे समय पर रिटर्न जमा करने के लिए पूरी तरह तैयार थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button