श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न, 80.76% ट्रस्टी व 63.17% आजीवन सदस्यों ने किया मतदान

सूरत। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के वर्ष 2026 से 2030 कार्यकाल के लिए चुनाव रविवार को अग्रवाल विद्या विहार स्कूल में शांतिपूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के तहत ट्रस्ट बोर्ड के 9 ट्रस्टियों एवं आजीवन सदस्यों के 3 प्रतिनिधियों का चयन किया जाना है।
चुनाव में ट्रस्टी वर्ग के कुल 1164 मतदाताओं में से 940 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 80.76 प्रतिशत रहा। वहीं आजीवन सदस्य वर्ग के कुल 2047 मतदाताओं में से 1293 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 63.17 प्रतिशत दर्ज किया गया।
ट्रस्ट के संविधान में प्रॉक्सी मतदान के प्रावधान के तहत 61 ट्रस्टी मतदाताओं तथा 40 आजीवन सदस्यों ने प्रॉक्सी के माध्यम से मतदान किया, जिसे कुल मतदान में शामिल किया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी बजरंगलाल गाड़ोदिया ने चुनाव प्रक्रिया के सफल और शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी प्रत्याशियों एवं मतदाताओं का सहयोग के लिए आभार जताया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी मतदान प्रक्रिया को अनुशासित और पारदर्शी बताया।




