
सूरत। देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कंफेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स(कैट) के राष्ट्रीय अधिवेशन में सूरत के वरिष्ठ व्यापारी नेता चम्पालाल बोथरा को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें सर्वसम्मति से संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिससे सूरत के व्यापारिक जगत में हर्ष का माहौल है।
नई दिल्ली में आयोजित इस अधिवेशन में देशभर से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन के शीर्ष नेतृत्व की भी घोषणा की गई। नागपुर के बी. सी.भारतीया को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा दिल्ली (चांदनी चौक) से सांसद प्रवीण खंडेलवाल को पुनः राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चम्पालाल बोथरा सूरत के व्यापारिक क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे पहले सूरत के अग्रणी व्यापारिक संगठन फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के महासचिव रह चुके हैं। वर्तमान में वे सदर्न गुजरात चेम्बफ ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की टेक्सटाइल एवं रिटेल ट्रेड कमेटियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा, वे कैट गुजरात चैप्टर के उपाध्यक्ष और टेक्सटाइल गारमेंट कमेटी के राष्ट्रीय चेयरमैन के रूप में भी कार्यरत हैं। साथ ही, भारतीय व्यापार महोत्सव ( बीवीएम) 2026 में टेक्सटाइल गारमेंट कमेटी के स्ट्रेटेजिक एडवाइजर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
चम्पालाल बोथरा की इस नियुक्ति से सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत आवाज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारिक संगठनों और उद्यमियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।



