ग्लोबल मार्केट के कपड़ा व्यापारी से 10.84 लाख की ठगी मामले में एक और गिरफ्तार
पुत्रों के बाद पिता देवकिशन लाहोटी पुलिस गिरफ्त में,लाजपोर के हवाले

सूरत। वराछा क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी से 10.84 लाख रुपये का माल खरीदकर भुगतान नहीं करने के मामले में वराछा पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पहले दोनों पुत्रों की गिरफ्तारी के बाद अब उनके पिता देवकिशन लाहोटी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उमरा सिटीलाईट क्षेत्र स्थित आशिर्वाद बंग्लोज निवासी सुशीलकुमार रायचंद जैन, वराछा स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नं. 2363-64 में ‘पद्माकृति फैशन’ नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं। सारोली स्थित अंजनीनंदन टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नं. बी/3092 में ‘क्वोलिटी फैब्रिक्स’ नाम से व्यापार करने वाले विष्णु लाहोटी, उसके भाई महेश लाहोटी तथा पिता देवकिशन लाहोटी ने 27 जून 2025 से 18 जुलाई 2025 के बीच प्लेन एवं प्रिंटेड कपड़े का कुल 10,84,800 रुपये मूल्य का माल उधार में खरीदा था।
निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और बार-बार झूठे आश्वासन देकर व्यापारी को टालते रहे। अंततः पीड़ित व्यापारी ने 13 अप्रैल 2026 को वराछा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) एवं 54 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच अधिकारी पीएसआई वी.ए. चौधरी ने पहले आरोपी विष्णु लाहोटी (उम्र 34 वर्ष) और महेश लाहोटी (उम्र 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार को उनके पिता देवकिशन रामेश्वरलाल लाहोटी (उम्र 67 वर्ष, निवासी न्यू हरे कृष्ण अपार्टमेंट, भटार रोड, खटोदरा, मूल निवासी हिम्मतसर नौखा, जिला बीकानेर, राजस्थान) को भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


