businessTextileक्राइमलोकल न्यूज़सूरत सिटी

ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर घोडदौड़ रोड के कपड़ा व्यापारी से 25.75 लाख की साइबर ठगी

सूरत। ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर घोडदौड़ रोड निवासी एक कपड़ा व्यापारी से 25.75 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सूरत साइबर क्राइम सेल पुलिस स्टेशन में अज्ञात ठगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घोडदौड़ रोड स्थित मेघधनुष अपार्टमेंट में रहने वाले पुनित प्रेमचंद खेमका रिंग रोड स्थित रोहित मार्केट में कपड़ा व्यापार करते हैं। 6 अगस्त 2024 को उनके मोबाइल में ‘साड़ी डॉट कॉम’ नामक प्ले स्टोर एप्लिकेशन के माध्यम से आयुषी गुप्ता नाम की महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। बाद में दोनों के बीच मोबाइल नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई।
आरोपी महिला ने स्वयं को अपने पिता की रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत बताते हुए कहा कि उनकी कंपनी ग्लोबल गोल्ड मार्केट में निवेश कराती है और निवेशकों को अच्छा मुनाफा दिलाती है। अधिक लाभ का लालच देकर उसने व्यापारी को कंपनी की वेबसाइट की लिंक भेजी और उस पर डिमैट अकाउंट खोलने के लिए कहा।
विश्वास में आकर पुनित खेमका ने लिंक खोलकर डिमैट अकाउंट बनाया। इसके बाद आरोपी द्वारा ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में निवेश करने के लिए कहा गया। मुनाफे के लालच में आकर व्यापारी ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 25,75,700 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
राशि जमा कराने के बाद जब व्यापारी ने निवेश की रकम वापस लेने का प्रयास किया तो ठगों ने संपर्क बंद कर दिया और पैसे लौटाने से इंकार कर दिया, जिससे उनके साथ साइबर धोखाधड़ी होने का खुलासा हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर सूरत साइबर क्राइम सेल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन ट्रेडिंग अथवा निवेश के नाम पर मिलने वाले अनजान प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button