Textileसूरत सिटी

फायर ब्रिगेड को आग का झूठा कॉल कर शरारती ने दौड़ाया

पुना कैनाल रोड पर रेस्टोरेंट में आग की सूचना निकली फर्जी, प्रकाश नामक व्यक्ति पर संदेह

सूरत। शहर में आग, हादसा या किसी के फंसने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचने वाली फायर ब्रिगेड को शुक्रवार रात एक फर्जी कॉल के कारण बेवजह दौड़ना पड़ा। पुना कैनाल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड का काफिला मौके पर पहुंचा, लेकिन जांच के दौरान आग की कोई घटना सामने नहीं आई और कॉल झूठा साबित हुआ।
फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 10:38 बजे गांधीनगर स्थित 112 कंट्रोल रूम से सूरत नगर निगम के फायर कंट्रोल को सूचना दी गई कि पुना कैनाल रोड के आउटर रिंग रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगी है। सूचना मिलते ही सरथाणा और पुना फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियों के साथ फायर कर्मियों का काफिला तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट और आसपास के क्षेत्र में करीब 20 से 30 मिनट तक जांच की, लेकिन कहीं भी आग लगने की घटना नहीं मिली। आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर भी किसी आग की घटना की पुष्टि नहीं हुई।इस दौरान 112 कंट्रोल रूम में कॉल करने वाले प्रकाश नामक व्यक्ति को फायर अधिकारियों ने फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि यह फर्जी कॉल था।
इस झूठी सूचना के कारण फायर ब्रिगेड के जवानों का आधे से पौन घंटे तक समय बर्बाद हुआ। फायर विभाग के सूत्रों ने कहा कि ऐसे फर्जी कॉल करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों और आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड को बेवजह न दौड़ना पड़े

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button