सूरत में संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग
गोसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचवटी हॉल में हुआ दिव्य कार्यक्रम

सूरत।सूरत शहर में गोसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिटीलाइट स्थित पंचवटी हॉल, महाराजा अग्रसेन पैलेस में संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। इस दिव्य कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर भक्ति रस में डूबते हुए आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। 
यह आयोजन विश्व की सबसे बड़ी गोशाला श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के संस्थापक एवं प्रधान संरक्षक श्रद्धेय गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज के सत्संकल्प से पथमेड़ा की सूरत शाखा द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार सायं 5 बजे हुआ, जो देर रात तक भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में चलता रहा। 
कार्यक्रम में प्रसिद्ध सुंदरकांड प्रवाहक अजय याग्निक ने अपने मधुर और भावपूर्ण मुखारविंद से संगीतमय सुंदरकांड का वाचन किया। सुंदरकांड की चौपाइयों और भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। पूरे हॉल में रामभक्ति का दिव्य वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालु पूरे समय मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के सीईओ एवं प्रभारी आलोक सिंहल ने जानकारी देते हुए बताया कि सूरत के बड़ी संख्या में गोभक्तों, गोसेवकों और मानस प्रेमियों ने सपरिवार कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में गोसेवा के महत्व को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गोसेवा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।



