वैष्णव समाज द्वारा तीसरे हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

सूरत। राजस्थानी श्री वैष्णव (चा.स.) समाज ट्रस्ट, सूरत द्वारा सारोली स्थित पाटीदार सामुदायिक भवन में तीसरे हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से देर रात तक चले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के हजारों महिला-पुरुष एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान भव्य बालाजी दरबार, अखंड ज्योति, छप्पन भोग एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। साथ ही बालाजी महाराज के भजनों एवं राजस्थानी लोक संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन प्रस्तुतियों में पुखराज वैष्णव (गुड़ा एंदला), मुकेश भाई (खिंवाड़ा), पूजा वैष्णव, खुशबू वैष्णव ने अपनी प्रस्तुति दी, जबकि कार्यक्रम का संचालन भरत राजपुरोहित ने किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं दानदाताओं का अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। साथ ही समाज के दिवंगत विक्रमसिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में विजय चौमाल, विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री विक्रमसिंह भाटी सहित सूरत, राजस्थान एवं देशभर की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान समाज के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंदराज जी के मनोनयन पर सभी समाज बंधुओं ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में समाज के संगठन, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने का विश्वास व्यक्त किया।
पूरे आयोजन में समाजजनों का उत्साह देखते ही बनता था और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


