आईपीएस अधिकारी ने शादी से पहले मां का दूध पीकर लिया आशीर्वाद, अनोखी परंपरा की तस्वीरें वायरल
राजस्थान की ‘दूध पिलाई’ रस्म बनी चर्चा का विषय, यूपी कैडर के दो आईपीएस अधिकारियों की शादी सुर्खियों में

राजस्थान में इन दिनों उत्तर प्रदेश कैडर के दो आईपीएस अधिकारियों की शादी खास चर्चा का विषय बनी हुई है। संभल में तैनात आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली की एसपी अंशिका वर्मा के विवाह समारोह की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें एक अनोखी परंपरा ने लोगों का ध्यान खींचा है।
वायरल तस्वीरों में दूल्हे के रूप में सजे आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई बारात लेकर निकलने से पहले अपनी मां के पास पहुंचते हैं और परंपरा के अनुसार मां का दूध पीकर आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद मां उन्हें आशीर्वाद देकर विवाह के लिए विदा करती हैं।
राजस्थान में इस रस्म को ‘दूध पिलाई’ या ‘आंचल पीना’ कहा जाता है, जो बिश्नोई समाज में सदियों पुरानी परंपरा मानी जाती है। इस परंपरा के अनुसार दूल्हा विवाह के लिए रवाना होने से पहले अपनी मां के पास जाता है, जहां मां प्रतीकात्मक रूप से स्तनपान कराकर बेटे को गृहस्थ जीवन में प्रवेश के लिए आशीर्वाद देती है और उसे मां के दूध का ऋण याद रखने का संदेश देती है।
हालांकि, आधुनिक समय में कई परिवार इस रस्म को प्रतीकात्मक रूप से थाली में दूध देकर निभाते हैं, लेकिन आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पारंपरिक तरीके से इस रस्म को निभाया, जिससे यह शादी और अधिक चर्चा में आ गई।
इस अनोखी परंपरा को लेकर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक विरासत बता रहे हैं, तो कुछ इसे भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव की अनूठी मिसाल मान रहे हैं।



