businessTextileसूरत सिटी

गुजरात की GST आय में 27% का जबरदस्त उछाल, जून में 7,800 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह

VAT से 3,073 करोड़, विद्युत शुल्क से 978 करोड़ और व्यवसाय कर से 21 करोड़ रुपये की आय; कुल कर संग्रह 11,872 करोड़ रुपये पहुंचा

अहमदाबाद। गुजरात सरकार के राज्य कर विभाग ने जून 2026 में कर संग्रह के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जून 2026 के दौरान राज्य को GST के तहत 7,800 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष जून 2025 के 6,149 करोड़ रुपये की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है।

राज्य कर विभाग के अनुसार जून माह में विभिन्न करों के माध्यम से सरकार को कुल 11,872 करोड़ रुपये की आय हुई। इसमें VAT से 3,073 करोड़ रुपये, विद्युत शुल्क से 978 करोड़ रुपये तथा व्यवसाय कर से 21 करोड़ रुपये का संग्रह शामिल है।

विभाग ने बताया कि देश में ‘वन नेशन, वन टैक्स’ व्यवस्था के तहत लागू GST ने 9 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। गुजरात में GST लागू होने के बाद मात्र नौ वर्षों में राज्य का टैक्स बेस 181 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है। GST लागू होने के समय राज्य में 5.08 लाख करदाता थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 14.31 लाख हो गई है।

गुजरात ने समय पर GST रिटर्न दाखिल करने के मामले में लगातार पांच वर्षों से देश में पहला स्थान बनाए रखा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य में 99.6 प्रतिशत GST रिटर्न समय पर दाखिल किए गए, जो राष्ट्रीय स्तर पर एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार पिछले पांच वर्षों में गुजरात की GST आय में 20 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक औसत (CAGR) वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में राज्य की GST आय 30,628 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 2025-26 में 83,086 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। यह वृद्धि राज्य की मजबूत आर्थिक गतिविधियों, कर अनुपालन और प्रभावी कर प्रशासन का संकेत मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button