एक शाम बाबा श्याम के नाम: भक्ति, भजन और भव्य प्रसादी का संगम
रुद्रमणि एवेन्यू में भजन संध्या, 1500 भक्तों ने लिया श्याम नाम का आनंद

सूरत। शहर के रुद्रमणि एवेन्यू सोसायटी प्रांगण में रविवार को “एक शाम बाबा श्याम के नाम” भजन संध्या एवं श्याम रसोई का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
श्री श्याम युवा मंडल, सूरत के सदस्यों—भावेश झंवर, कन्हैया चांडक, आयुष सोनी, नंदकिशोर राठी, दीपक राठी, धीरज टावरी, निकुंज बंसल, राहुल मनिहार एवं दिनेश चुड़ासमा—के अथक प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1500 भक्तों ने भाग लेकर भजनों का रसास्वादन किया और महाप्रसादी का लाभ उठाया।
मंडल के प्रकाश राठी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। साथ ही अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई और छप्पन भोग अर्पित कर दिव्य दरबार को आकर्षक रूप से सजाया गया।
भजन संध्या की शुरुआत भजन गायक किशोरजी केला (सूरत) ने गणेश वंदना से की, जिसके बाद हनुमानजी और माताजी के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। ओमजी राठी (नोखा) ने “तीन बाण के धारी” भजन पर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं जुगलजी अग्रवाल (सूरत) ने “थाली भरकर लाई खीचड़ो” भजन से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सोसायटी अध्यक्ष गणपतजी गोदारा ने सभी आयोजकों, कलाकारों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


