एस.डी. जैन मॉडर्न स्कूल में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, 2,800 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया नवाचार
1,000 से अधिक कार्यशील मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और सामाजिक विषयों पर प्रस्तुत किए अभिनव प्रोजेक्ट

सूरत। शहर की अग्रणी शिक्षण संस्था एस.डी. जैन मॉडर्न स्कूल में संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय देवराज जैन की स्मृति में 30 जून एवं 1 जुलाई को दो दिवसीय विज्ञान, गणित, भाषा, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य तथा कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिरिक्त आयकर आयुक्त अनुराग दुबे ने स्कूल प्रबंधन कैलाश जैन, आनंद जैन, अशोक जैन तथा प्राचार्य चेतन दालवाला की उपस्थिति में किया।
प्रदर्शनी में “सस्टेनेबिलिटी, फूड सिक्योरिटी, जेंडर इक्वालिटी एंड टेक्नोलॉजी तथा एजुकेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” जैसे समसामयिक विषयों पर 1,000 से अधिक कार्यशील मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के निर्माण एवं प्रस्तुति में 2,800 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विज्ञान, तकनीक और सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों की खूब सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों व शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
विद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए एस.डी. जैन मॉडर्न स्कूल को “इंडियाज़ बेस्ट स्कूल 2025” पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंधन एवं प्राचार्य चेतन दालवाला ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर नवाचार, उत्कृष्टता और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।




