businessTextileक्राइमसूरत सिटी

ग्लोबल मार्केट के व्यापारी से 41.24 लाख की कपड़ा ठगी,एक ठग व्यापारी गिरफ्तार

दिल्ली के दलाल से नंबर लेकर पांच व्यापारियों ने माल खरीदा, भुगतान किए बिना दुकानें बंद कर फरार

सूरत। शहर के वराछा स्थित ग्लोबल मार्केट में कपड़ा व्यापारी के साथ 41.24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली के एक दलाल के माध्यम से संपर्क में आए यूपी और दिल्ली के पांच व्यापारियों ने कपड़ा खरीदकर भुगतान नहीं किया और बाद में दुकानें बंद कर फरार हो गए। इस मामले में वराछा पुलिस ने यूपी के एक व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भटार चार रास्ता स्थित मधुरम अपार्टमेंट निवासी संतोषकुमार श्रीकिशन लाहोटी वराछा ग्लोबल मार्केट की दुकान नंबर 5488-89 में “बालाजी फैब्रिक्स” नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं। अक्टूबर 2024 में दिल्ली के परिचित दलाल बाबूभाई ने यूपी और दिल्ली के व्यापारियों को उनका मोबाइल नंबर दिया था, जिसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग ऑर्डर देकर कपड़े का माल खरीदा।
गाजियाबाद स्थित ए.आर. एंटरप्राइज के व्यापारी राजेंद्र प्रसाद ने 11,28,705 रुपये, एम.के. ट्रेडर्स के मोहित अग्रवाल ने 10,02,622 रुपये, आसी रिटेल के संदीप कुमार ने 4,19,775 रुपये, दिल्ली स्थित एम.एस. एंटरप्राइज के मनीष कुमार ने 5,03,900 रुपये तथा संदीप कुमार ने 10,69,721 रुपये का कपड़ा खरीदा। इस प्रकार कुल 41,24,723 रुपये का माल खरीदकर आरोपियों ने भुगतान नहीं किया।
नियत समय पर भुगतान मांगने पर सभी आरोपी बहाने बनाते रहे और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और फरार हो गए।
इस संबंध में व्यापारी संतोषकुमार लाहोटी ने 20 फरवरी 2026 को वराछा पुलिस थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) और 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पीएसआई एस.आर. राठौड़ ने गाजियाबाद निवासी राजेंद्र मुनिलाल प्रसाद (उम्र 51 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button