
SURATइंस्टाग्राम रील देखकर किया संपर्क, VIP ट्रेडिंग के झांसे में आकर साइबर ठगों ने लगाया चूना
सूरत के अठवालाइंस क्षेत्र में रहने वाले एक यार्न व्यापारी से शेयर बाजार में ऊंचा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 47.99 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर साइबर क्राइम सेल पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अठवालाइंस स्थित गोकुल बंग्लोज में रहने वाले गोकुलभाई यशवंतराय बक्षी खटोदरा सबजेल के पीछे जयसागर कॉम्प्लेक्स में यार्न खरीद-बिक्री का व्यापार करते हैं। 25 नवंबर 2024 को वे इंस्टाग्राम पर रील्स देख रहे थे, तभी शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न देने संबंधी एक रील सामने आई। अधिक जानकारी के लिए उन्होंने रील में दी गई लिंक पर क्लिक किया।
इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एजीआई ग्रुप की सदस्य ऐश्वर्या राजपूत बताकर संपर्क किया और शेयर मार्केट में निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। ठगों के झांसे में आकर व्यापारी ने हामी भर दी, जिसके बाद उन्हें एक वेबसाइट लिंक भेजकर VIP ट्रेडिंग के लिए डिमैट अकाउंट खुलवाया गया।
ठगों के निर्देशानुसार व्यापारी ने अलग-अलग बैंक खातों में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कुल 50,09,990 रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए 2.10 लाख रुपये निकालने की अनुमति भी दी, लेकिन बाद में शेष 47,99,990 रुपये वापस नहीं किए और संपर्क बंद कर दिया।
ठगी का एहसास होने पर व्यापारी ने सूरत साइबर क्राइम सेल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।




